बैंकॉक/नॉम पेन्ह, 22 दिसंबर (वार्ता) थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर हुई सैन्य झड़पों में दोनों देशों के अब तक 80 सैनिकों एवं नागरिकों की मौत हो चुकी है। आधिकारिक आंकड़ों में सोमवार को यह जानकारी दी गयी। थाईलैंड की सेना ने घोषणा की कि कंबोडिया के साथ चल रही सीमा झड़पों में 22 थाई सैनिक मारे गये हैं। इसके अलावा थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चला है कि कई दिनों तक चले संघर्षों में 38 थाई नागरिक भी मारे गये हैं। थाई मीडिया ने बताया कि सा केओ के सीमावर्ती इलाकों में दोनों पक्षों के बीच झड़पें सोमवार सुबह तक जारी रहीं, जिससे भारी गोलीबारी की छिटपुट घटनाओं से निवासियों में व्यापक दहशत फैल गयी। कंबोडियाई तोप के गोले लगभग सात बजे एक थाई आवासीय क्षेत्र में गिरे, जिससे घरों को नुकसान पहुंचा और आग लग गयी।
कंबोडियाई आंतरिक मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाई सैन्य बलों ने “नागरिक क्षेत्रों में कई तरह के गोला-बारूद दागे जिसके परिणामस्वरूप 20 कंबोडियाई नागरिकों की मौत हो गई और 79 अन्य घायल हो गए।” कंबोडियाई रक्षा मंत्रालय के अवर सचिव और प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचियाता ने कहा कि थाई सैन्य बलों ने सोमवार सुबह तक कंबोडियाई क्षेत्र में कई लक्ष्यों पर हमला करने के लिये तोपखाने, टैंक, जहरीली गैस और एफ-16 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल जारी रखा।
उल्लेखनीय है कि थाईलैंड-कंबोडिया सीमा संघर्ष सात दिसंबर से फिर से शुरू हो गया है, और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पहला हमला करने का आरोप लगाया है।

