शीतलहर के चलते भिण्ड जिले में स्कूलों के समय में बदलाव, कक्षाएं अब सुबह 9 बजे से

भिण्ड: जिले में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट किरोड़ी लाल मीणा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।जारी आदेश के अनुसार भिण्ड जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की सुबह संचालित कक्षाएं अब प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होंगी। वहीं, दो पालियों में संचालित विद्यालयों की प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे के बाद ही संचालित की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि अत्यधिक ठंड के समय विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में असुविधा न हो।
परीक्षाओं पर कोई प्रभाव नहीं
आदेश में यह भी साफ किया गया है कि अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी। परीक्षा समय में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।यह आदेश 22 दिसंबर से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा। जिला प्रशासन ने जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा सभी विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेशों की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को निर्धारित समय से पहले विद्यालय न भेजें।

Next Post

मनरेगा के नाम को बदलने का कांग्रेस ने विरोध किया

Mon Dec 22 , 2025
बंडा। ब्लाक कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कांग्रेसियों ने गांधी जी की प्रतिमा स्थल पर जाकर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का मोदी सरकार द्वारा नाम बदलने का विरोध जताया । उन्होंने रघुपति राघव राजाराम भजन गाकर किया भाजापा सरकार केवल नाम बदलने का कार्य कर रही है। […]

You May Like