सिक्योरिटी पेपर मिल में मेडिकल क्लेम अनियमितताओं की जांच,CBI की कई शहरों में छापेमारी

भोपाल। भारतीय मुद्रा निर्माण से जुड़ी संवेदनशील इकाई सिक्योरिटी पेपर मिल (एसपीएम) में मेडिकल क्लेम से संबंधित कथित अनियमितताओं के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शनिवार और रविवार को कार्रवाई की है। एजेंसी ने मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में एक साथ छापेमारी कर दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, यह मामला वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान प्रस्तुत किए गए चिकित्सा दावों से जुड़ा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कुछ दावों में नियमों के विपरीत बिल पास किए गए। इसी आधार पर भोपाल स्थित सीबीआई इकाई ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

शनिवार और रविवार को इंदौर, देवास, भोपाल, नर्मदापुरम और महाराष्ट्र के नासिक सहित करीब एक दर्जन ठिकानों पर तलाशी ली गई। जिन स्थानों पर कार्रवाई हुई, उनमें मिल से जुड़े कुछ अधिकारी-कर्मचारी, दवा आपूर्तिकर्ता और मेडिकल क्लेम से संबंधित लोग शामिल बताए जा रहे हैं। छापेमारी के दौरान एजेंसी ने कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

बताया गया है कि मामले का खुलासा पहले आंतरिक सतर्कता जांच में हुआ था, जिसकी रिपोर्ट के बाद सीबीआई ने जांच का दायरा बढ़ाया। एजेंसी द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि नर्मदापुरम स्थित सिक्योरिटी पेपर मिल देश में बैंक नोटों में उपयोग होने वाला कागज बनाने की इकलौती इकाई है। यहां तैयार कागज नासिक और देवास स्थित मुद्रण इकाइयों को भेजा जाता है। यह कारखाना भारत प्रतिभूति मुद्रण तथा मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड के अंतर्गत कार्यरत है।

Next Post

नहर में गिरकर डूबने से युवक की मौत

Sun Dec 21 , 2025
सीधी । जिले के अमिलिया थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पहाड़ी टिकुरा टोला में शनिवार को नहर में गिरने से 38 वर्षीय युवक की डूबकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नहर के किनारे एक शव को […]

You May Like