
भोपाल। राजधानी भोपाल में आज लोकार्पण के बाद कल से शुरू हो रही मेट्रो सेवा न केवल परिवहन का नया साधन बनेगी, बल्कि शहर की पहचान और विकास का प्रतीक भी होगी। भोपाल मेट्रो के कोच पर विशेष रूप से तैयार की गई पंक्तियाँ और स्लोगन लिखे गए हैं, जो झीलों की नगरी के गौरव, आधुनिक सोच और भविष्य की दिशा को दर्शाते हैं।
मेट्रो कोच पर झीलों की नगरी, अब मेट्रो की सवारी, विकास की पटरी पर भोपाल और हर नागरिक की मेट्रो जैसे संदेश उकेरे गए हैं। इन पंक्तियों के माध्यम से शहर के नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और तेज सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, यह संदेश भी दिया जा रहा है कि भोपाल अब आधुनिक शहरी विकास की नई राह पर अग्रसर है।
अधिकारियों के अनुसार, मेट्रो के कोच पर लिखे ये संदेश यात्रियों में अपनापन और गर्व की भावना पैदा करेंगे। पर्यावरण संरक्षण, समय की बचत और सुगम यातायात जैसे पहलुओं को भी इन पंक्तियों के जरिए प्रमुखता से सामने रखा गया है। भोपाल मेट्रो के साथ राजधानी ने स्मार्ट और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ा दिया है।
