ऑकलैंड, 20 दिसंबर (वार्ता) जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले आईसीसी पुरुष अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड ने टॉम जोन्स की अगुवाई वाली 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) की वेबसाइट के अनुसार ओटागो के ओपनर टॉम जोन्स को टीम का कैप्टन बनाया गया है। जोन्स का यह दूसरा अंडर-19 विश्वकप है। टीम दो जनवरी को अफ्रीका के लिए रवाना होगी। जोन्स ने पिछले महीने ओटागो के लिए अपने प्रथम श्रेणी डेब्यू में 119 रन बनाकर अपनी काबिलियत दिखाई थी।
टीम में जोन्स के साथ डोमेस्टिक कैप वाले प्लेयर्स में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के बैट्समैन स्नेहिथ रेड्डी और विकेटकीपर आर्यन मान, ओटागो के फास्ट बॉलर मेसन क्लार्क और ऑकलैंड के बॉलिंग ऑलराउंडर जसकरण संधू शामिल हैं। रेड्डी और क्लार्क ने इस साल की शुरुआत में ए सूची में डेब्यू किया था और वे दक्षिण अफ्रीका में हुए पिछले अंडर-19 वर्ल्ड कप का हिस्सा थे। रेड्डी ने नेपाल के खिलाफ नाबाद 147 रन बनाकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा निजी स्कोर बनाया था और क्लार्क ने रनर-अप इंडिया के खिलाफ 62 रन देकर 4 विकेट लिए थे।
17 साल के बैटर ह्यूगो बोग ने लिंकन में नेशनल अंडर-19 मेन्स टूर्नामेंट में ओटागो के लिए शानदार परफॉर्मेंस के बाद सिलेक्शन हासिल किया। वह नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ शीर्ष स्कोर के साथ तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।
अंडर-19 विश्वकप के लिए न्यूजीलैंड की टीम इस प्रकार है:- टॉम जोन्स (कप्तान), मार्को एल्पे, ह्यूगो बोग, हैरी बर्न्स, मेसन क्लार्क, जैकब कॉटर, आर्यन मान, ब्रैंडन मैट्ज़ोपोलोस, फ्लिन मोरे, स्नेहिथ रेड्डी, कैलम सैमसन, जसकरण संधू, सेल्विन संजय, हंटर शोर और हैरी वेट।
न्यूजीलैंड ने अंडर-19 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की
