
नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के अरनिया ढाणी गांव में गुरुवार को एक शादी समारोह में हादसा हो गया। ढलान पर खड़ा एक डीजे साउंड वाहन बेकाबू होकर बारातियों की भीड़ में जा घुसा। इस हादसे में दूल्हे के काका बापूलाल मेघवाल (45) की कुचलकर मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग घायल हो गए।
मनोहर लाल मेघवाल के निवास पर संजीत से बारात आई थी, जहां स्वागत और नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान ढलान पर खड़ा डीजे वाहन अचानक तकनीकी खराबी या असंतुलन के कारण पीछे की ओर लुढक़ गया। बेकाबू वाहन सीधे वहां मौजूद बारातियों और परिजनों की भीड़ में घुस गया।
पहिये के नीचे दबे
जब तक लोग खुद को बचा पाते, देथल निवासी बापूलाल पिता मांगीलाल मेघवाल (45) वाहन के पहियों के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बापूलाल को वाहन के नीचे से निकालकर मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद बापूलाल को मृत घोषित कर दिया।
इस भीषण दुर्घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रामपुरा पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम किया। गुरुवार शाम को शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि ढलान पर खड़े वाहन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं थे और यह हादसा किसकी लापरवाही का परिणाम है।
