
नीमच। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की है। जीरन थाना पुलिस ने हर्कियाखाल फंटा फोरलेन पर 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया। इस कार्रवाई में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
बरामद डोडाचूरा, एक लग्जरी कार और मोबाइल फोन सहित कुल मशरुका की कीमत लगभग 11 लाख 14 हजार रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव की टीम ने की।
घटना गुरुवार रात की है, जब पुलिस टीम हर्कियाखाल सहायता केंद्र के सामने फोरलेन पर चेकिंग कर रही थी। मंदसौर की ओर से आ रही गुजरात पासिंग वोक्सवैगन कार (त्रछ्व 07 ्रक्र 9047) के चालक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने कार से 100 किलो डोडाचूरा बरामद
चालक ने हाईवे पर ही तेज रफ्तार में कार को रिवर्स गियर में दौड़ाया। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार के अंदर चार प्लास्टिक के कट्टों में 100 किलोग्राम डोडाचूरा मिला।
पुलिस ने मौके से आरोपी पुखराज पिता तुलचाराम जाट (26), निवासी भटाला, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। हालांकि, उसका साथी पीराराम जाट अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप राजस्थान ले जाई जा रही थी।
जीरन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि नशे की यह खेप क्षेत्र में किससे प्राप्त की गई थी। निरीक्षक उमेश यादव और उनकी टीम ने इस पूरी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
