
भोपाल: लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री विजय शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहीं सैकड़ों महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता श्यामला हिल्स स्थित विजय शाह के बंगले का घेराव करने के लिए जुलूस के रूप में निकली थीं। सभी कार्यकर्ता पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एकत्रित हुईं और वहां से नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ीं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड्स लगाकर जुलूस को रोक दिया। नारेबाजी तेज होने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिनमें रीना बौरासी सेतिया भी शामिल थीं।
महिला कांग्रेस का आरोप है कि विजय शाह ने रतलाम में अधिकारियों की बैठक के दौरान लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। बीते दो दिनों में महिला कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन कर विजय शाह के पुतले भी जलाए थे।
गिरफ्तारी के बाद रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मुख्यमंत्री को तत्काल विजय शाह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
