मुंबई 19 दिसंबर (वार्ता) एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और रुपये में जारी तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में चौतरफा तेजी रही।बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 274.98 अंक की बढ़त के साथ 84,756.79 अंक पर खुला। एक समय यह 533 अंक उछलकर 85,014.83 अंक पर पहुंच गया था। खबर लिखे जाते समय सेंसेक्स 434.96 अंक (0.51 प्रतिशत) ऊपर 84,916.77 अंक पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 95.95 अंक की मजबूती के साथ 25,911.50 अंक पर खुलने के बाद खबर लिखे जाते समय 127.30 अंक यानी 0.49 प्रतिशत चढ़कर 25,942.85 अंक पर था। आईटी, स्वास्थ्य, रियलिटी, ऑटो, मीडिया और तेल एवं गैस समूहों में लिवाली अधिक हुई।सेंसेक्स की बढ़त में रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, टीसीएस और बजाज फाइनेंस का योगदान सबसे अधिक रहा। आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा के शेयर गिरावट में थे।
