बीजापुर में डीआरजी एवं माओवादी के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

बीजापुर, 19 दिसंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के थाना भैरमगढ़ अंतर्गत इन्द्रावती क्षेत्र के घने जंगल–पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया।माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी के आधार पर जिला बीजापुर से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम ने तलाशी अभियान प्रारंभ किया था। अभियान के दौरान आज सुबह से डीआरजी जवानों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होने की जानकारी पुलिस के द्वारा आधिकारिक तौर पर दी गई है।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ दुर्गम और घने जंगल क्षेत्र में चल रही है, जहां सुरक्षा बल अत्यधिक सतर्कता के साथ अभियान को अंजाम दे रहे हैं। प्रारंभिक सूचनाओं में एक नक्सली के मारे जाने तथा मौके से हथियार बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, मुठभेड़ समाप्त होने और तलाशी अभियान पूर्ण होने के बाद ही बरामद सामग्री और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इन्द्रावती क्षेत्र में डीआरजी और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की स्थिति बनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी अभियान के पूर्ण होने के बाद साझा की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने अभी तक मारे गए नक्सली की पहचान, संगठनात्मक जानकारी अथवा बरामद हथियारों का विस्तृत विवरण जारी नहीं किया है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक, एक नक्सली को ढेर किया गया है मृत नक्सली के पास से .303 रायफल बरामद किया गया है।

घटना को देखते हुए आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आधिकारिक जानकारी के लिए अभियान की समाप्ति का इंतजार किया जा रहा है।

Next Post

शुरुआती कारोबार में चढ़े शेयर बाजार

Fri Dec 19 , 2025
मुंबई 19 दिसंबर (वार्ता) एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और रुपये में जारी तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में चौतरफा तेजी रही।बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 274.98 अंक की बढ़त के साथ 84,756.79 अंक पर खुला। एक समय यह 533 अंक […]

You May Like

मनोरंजन