पिपलियामंडी:नगर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात चोरों ने बेखौफ होकर अलग-अलग इलाकों में तीन मोटरसाइकिल चोरी कर लीं, वहीं तीन कारों को चोरी करने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन स्टार्ट नहीं होने से चोर असफल रहे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें चार संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराना बिजली ऑफिस रोड, सब्जी मंडी क्षेत्र से एक बाइक, टीलाखेड़ा क्षेत्र से एक बाइक तथा प्रगति फर्टिलाइजर के सामने से एक अन्य बाइक चोरी हुई। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस चौकी पिपलियामंडी में प्रकरण दर्ज किया गया है।इसके अलावा मुंदड़ा कॉलोनी, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने तथा टीलाखेड़ा क्षेत्र में खड़ी कारों को चोरों ने धक्का देकर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की।एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नगर में बड़ी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।
