रॉड-फावड़े से नाबालिग पर जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत

बैतूल: नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। गंज थाना क्षेत्र में रॉड, फावड़े, पत्थर और लाठी से किए गए हमले में 17 वर्षीय नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार देर रात जिला अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। मरने से पहले नाबालिग ने पुलिस को बयान देकर घटना का पूरा विवरण बताया। जानकारी के अनुसार कालापाठा निवासी विवेक मरकाम उम्र 17 वर्ष सागौन बाबा दरबार में पूजा कर रहा था।

इसी दौरान अनिकेत उर्फ अन्नू ठाकुर अपने 10 से 15 साथियों के साथ वहां पहुंचा और विवेक को जबरन उठाकर चुन्नीढाना ले गया। वहां सभी आरोपियों ने मिलकर उस पर लाठी, रॉड, फावड़े और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर मारपीट के कारण विवेक मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। घायल हालत में विवेक को देर शाम जिला अस्पताल लाया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं। इलाज के दौरान ऑक्सीजन और शुगर लेवल लगातार गिरता गया। उसे आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस जांच में सामने आया है कि विवेक और मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर के बीच पुरानी रंजिश थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। इसी दुश्मनी के चलते यह हमला किया गया।

विवेक की मां शिक्षिका हैं, जबकि पिता वन विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्नू ठाकुर सहित कृपाल, रोहित और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि डायल-100 पर मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। गंज थाना टीआई प्रशिक्षु डीएसपी शिफा हाशमी ने जानकारी दी कि नामजद आरोपियों में से कुछ को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Next Post

पांच हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त के हाथ चढ़ा पटवारी

Thu Dec 18 , 2025
रीवा:लोकायुक्त रीवा पुलिस ने रायपुर कर्चुलियान तहसील के एक पटवारी को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए गुरूवार को रंगे हाथ पकड़ा है. नामान्तरण करने के एवज में दस हजार की रिश्वत मांगी गई थी, पांच हजार लेते हुए आरोपी पटवारी को गिरफ्तार किया गया है. जिसके कारण भ्रष्टाचार निवारण […]

You May Like