छतरपुर: शहर में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में वाहन चला रहे एक आरक्षक ने लापरवाही की सारी हदें पार कर दीं। तेज रफ्तार कार चलाते हुए आरक्षक ने दो अलग-अलग जगहों पर टक्कर मार दी। हादसे के बाद न सिर्फ सड़क पर अफरा-तफरी मची, बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझपटी का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस लाइन में ड्राइवर पद पर पदस्थ आरक्षक अजय अहिरवार छत्रसाल चौराहे से पन्ना नाका की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने पहले छत्रसाल चौराहे के पास बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिर, हाथ और पैर में फ्रैक्चर आया है। इसके बाद आरक्षक की कार स्टेडियम के पास चौबे कॉलोनी चौराहे पर एक बैल से भी टकरा गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार की चाबी निकाल ली और डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जब आरक्षक को अपने साथ ले जाने लगी, तो वह उनसे उलझ गया। नशे की हालत में उसने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की और हाथापाई पर उतर आया। वायरल वीडियो में वह पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर झगड़ता साफ नजर आ रहा है, जबकि कार में शराब की बोतल भी दिखाई दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने आरक्षक अजय अहिरवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। खास बात यह है कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना है, जिसमें नशे में धुत पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ी है। इससे पहले बिजावर क्षेत्र में भी एक पुलिसकर्मी के नशे में हंगामे के बाद उसे निलंबित किया गया था।
