
सीहोर। सूबे सहित संपूर्ण जिला इन दिनों भीषण सर्दी की मार से जूझ रहा है. रात के अलावा दिन में भी बह रही शीत लहर ने लोगों को गर्म कपड़ों में सिमटने को मजबूर कर दिया है. सोमवार को सुबह 8. 30 बजे तक घना कोहरा छाया रहा. दृश्यता इतनी कम रही कि वाहनों की हेडलाईट जलाना पड़ी. दिन का अधिकतम तापमान जहां 24.5 दर्ज किया गया, वहीं रात के तापमान में गिरावट होकर पारा 4.5 पर लुढ़क गया.
इन दिनों जिला भीषण सर्दी की चपेट में है. धूप में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है. दिन भर गर्म कपड़ों में कैद होकर लोग सर्दी से बचने के जतन कर रहे हैं. इतना ही नहीं रात में तो सर्दी के तेवर इतने बर्फीले हो जाते हैं कि लोगों को इनसे बचने के लिए घरों में गर्म रजाईयों में दुबकना पड़ रहा है. इसके बाद भी ठंड का वार झेलने को लाचार हैं.
दिसंबर माह की शुरुआत से ही ठंड का हमला शुरू हो गया था. बीते एक पखवाड़े से रात का तापमान 10 डिग्री के अंदर है. ऐसे में लोगों को फिलहाल ठंड से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. सोमवार को तो ठंड के साथ घने कोहरे का आगाज हुआ. सुबह 8. 30 तक इतना घना कोहरा था कि वाहनों को लाईट जलाकर चलना पड़ा. दृश्यता कम होने के कारण दस फीट का भी साफ नजर नहीं आ रहा था.
हाईवे पर तो घने कोहरे के कारण बड़े वाहनों के चालकों ने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था ताकि दुर्घटना से बचा जा सके. नौ बजे के बाद जब कोहरा छंटा तब कहीं हाईवे पर यातायात सुचारू शुरू हो सका. कोहरा छंटने के बाद फिर ठंड का दौर शुरू हुआ. दोपहर में खिली धूप भी लोगों को ठंड से निजात नहीं दिला पा रही थी. आलम यह था कि लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा था. शाम होते ही ठंड में फिर तेजी आ गई. नतीजतन लोगों ने बाजार में अपने काम निपटाकर घरों में दुबकना ही बेहतर समझा.
इस दौरान जो लोग बाहर थे वह अलाव जलाकर सर्दी से बचने के जतन कर रहे थे. सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 24.5 दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 4.5 पर जा पहुंचा. दिन भर चलती रही शीतलहर लोगों को कंपकंपाने के लिए मजबूर करती रही. मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में कोहरा छाया रहेगा तो तापमान में भी मामूली उतारचढ़ाव बना रहेगा. फिलहाल रबी सीजन की फसलों को ठंड से नुकसान नहीं होने की बात कही जा रही है.
