
भोपाल। रातीबड़ में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से 2 छात्रों के लापता होने का प्रकरण दर्ज कराया गया है. पुलिस ने केस दर्ज करते हुए गुमशुदा छात्रों की तलाश शुरू कर दी है. बच्चों के परिजनों ने मामले में मुख्यमंत्री से भी मदद की गुहार लगाई है.
रातीबड़ थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दो छात्रों के गुम होने की सूचना सामने आई है. छात्र धीरज गुर्जर (15) और अंकित गुर्जर (14) वर्ष के स्कूल परिसर में नहीं दिखने के बाद स्कूल प्रबंधन की तरफ से सूचना दी गई है. स्कलू के प्रभारी प्राचार्य राहुल प्रताप सिंह भदौरिया ने पुलिस को बताया है कि बीते शनिवार की सुबह छात्रों के स्कलू परिसर में नहीं दिखने की जानकारी सामने आई. स्कूल के स्टाफ की तरफ से दोनों ही छात्रों की बहुत तलाश की गई. छात्रों के मौके पर नहीं मिलने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. दोनों ही छात्र कक्षा 9वीं के विद्यार्थी हैं, जिनकी खोज की जा रही है.
नवोदय विद्यालय से गायब हुए नाबालिग छात्रों के गायब होने से स्कूल प्रबंधन की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. मामले की सूचना मिलने पर गायब छात्रों के परिजन भी लगातार सवाल उठा रहे हैं. परिजनों का कहना है कि दोनों छात्र पिछले तीन दिनों से लापता है. छात्र अंकित गुर्जर बैरसिया का रहने वाला है, जबकि धीरज गुर्जर राजगढ़ जिले का निवासी है. स्कूल परिसर में पहुँचे परिजन दुखी और आक्रोशित नजर आए. परिजनों ने कहा बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला. मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मदद की गुहार लगाई गई है. परिजनों की मांग है कि दोनों छात्रों को जल्द से जल्द सुरक्षित तलाश किया जाए. फिलहाल छात्रों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी है.
