स्टाइपेंड में असमानता के खिलाफ आयुर्वेद विद्यार्थियों की हुंकार, एमबीबीएस के समकक्ष मानदेय की मांग को लेकर निकाली रैली

ग्वालियर: शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, ग्वालियर के बीएएमएस इंटर्न चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों ने स्टाइपेंड में वृद्धि एवं एमबीबीएस इंटर्न के समकक्ष मानदेय की मांग को लेकर रैली निकाली। महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर अचलेश्वर चौराहे तक पहुँची इस रैली में विद्यार्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान स्टाइपेंड संबंधी असमानता की ओर आकर्षित किया।

विद्यार्थियों का कहना है कि वर्तमान में मध्य प्रदेश में बीएएमएस इंटर्न को मात्र 9,383 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जबकि प्रशिक्षण के दौरान वे ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन सेवाओं सहित विभिन्न चिकित्सा गतिविधियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। इसके बावजूद स्टाइपेंड में व्याप्त असमानता उनके साथ न्यायसंगत व्यवहार सुनिश्चित करने की आवश्यकता को उजागर करती है। विद्यार्थियों ने मांग की कि आयुष इंटर्न का स्टाइपेंड तत्काल प्रभाव से एमबीबीएस इंटर्न के समकक्ष (21500रु) किया जाए तथा संशोधित मानदेय का लाभ वर्तमान बैच 2020 को इंटर्नशिप के प्रथम दिवस से और आगामी बैचों को भी प्रदान किया जाए।

उन्होंने शासन से इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी चिकित्सा पद्धति के विरोध में नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और न्यायसंगत मानदेय के अधिकार के लिए है। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की अपेक्षा व्यक्त की।छात्रों का कहना है वे 8 सितंबर से महाविद्यालय में धरना प्रदर्शन कर रहें है परंतु सरकार द्वारा अभी तक कोई लिखित में प्रतिक्रिया नहीं आई है साथ ही बताया गया कि जल्द छात्रों की मांग नहीं पूरी होती तो छात्र उग्र आंदोलन की ओर रुख करेंगे

Next Post

शराब के नशे में ट्रैक्टर चलाने पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त

Wed Oct 14 , 2026
ग्वालियर: थाना सिरौल पुलिस ने शराब के नशे में ट्रैक्टर चलाने और सड़क पर लहराते हुए वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर जब्त किया है। आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत इस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।पुलिस के अनुसार थाना […]

You May Like

Play sound