
भोपाल: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने वित्तीय वर्ष 2024–25 के लिए भारत सरकार को 109.98 करोड़ रुपये का अंतिम लाभांश अदा किया है। यह कंपनी के स्थिर और सुदृढ़ वित्तीय प्रदर्शन को दर्शाता है।
बीएचईएल में भारत सरकार की 63.17 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी पर देय अंतिम लाभांश का चेक बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति ने केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी को सौंपा। इस अवसर पर भारी उद्योग मंत्रालय के सचिव कामरान रिज़वी भी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में बीएचईएल के निदेशक मंडल के सदस्य तथा भारी उद्योग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिससे सार्वजनिक क्षेत्र के इस उपक्रम द्वारा किए गए योगदान के महत्व को रेखांकित किया गया।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2024–25 के दौरान बीएचईएल ने अपने सभी शेयरधारकों को कुल 174.10 करोड़ रुपये का लाभांश प्रदान किया है। यह लाभांश भुगतान कंपनी की वित्तीय अनुशासन, परिचालन दक्षता तथा हितधारकों को निरंतर मूल्य प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
