
इंदौर। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अब तकनीक का सहारा ले रही है. नई व्यवस्था के तहत ड्रोन पेट्रोलिंग शुरू की गई है, जिससे न केवल आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, बल्कि छुपकर और खुले में शराबखोरी करने वालों की भी पहचान हो रही है. इस पहल के बाद कई क्षेत्रों में कार्रवाई तेज हुई है.
पुलिस उपायुक्त जोन 2 कुमार प्रतीक ने बताया कि ड्रोन के जरिए की जा रही निगरानी में ऐसे कई लोग सामने आए हैं, जो खुले स्थानों, सुनसान इलाकों या फिर मकानों की छतों पर बैठकर शराब पीते पाए गए. ड्रोन पेट्रोलिंग के चलते विजय नगर, लसूड़िया, कनाड़िया सहित उन इलाकों में कार्रवाई की गई, जहां छुपकर शराबखोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. चिन्हित किए गए कई लोगों को मौके पर ही पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई. कुमार प्रतिक का कहना है कि ड्रोन का उपयोग आपराधिक तत्वों पर नजर रखने, चाइनीज मांझे की धरपकड़ और अवैध गतिविधियों की पहचान के लिए भी किया जा रहा है. वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ जांच अभियान पहले से ही जारी है.
