भोपाल-इंदौर सहित कई जिलों में शीतलहर का असर, कोहरे से दृश्यता घटी

भोपाल। नवंबर के बाद दिसंबर माह में भी प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। भोपाल, इंदौर और राजगढ़ जिलों में छह दिसंबर के बाद से कड़ाके की ठंड का रिकॉर्ड बन रहा है। बीते पांच वर्षों में इस अवधि में ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिली थी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले एक-दो दिनों में शीतलहर से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान की ओर से लगातार सर्द और शुष्क हवाएं चलने के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में भी शीतलहर का प्रभाव रहा। प्रदेश के 21 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।

कोहरे का असर भी कई जिलों में देखने को मिला। रीवा में सुबह न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर तक रही, वहीं सतना, सीधी, ग्वालियर और दतिया में दृश्यता 500 से 1000 मीटर के बीच दर्ज की गई। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के जिलों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में सक्रिय है। वहीं उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 176 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। 17 दिसंबर की रात से हिमालयी क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार नवंबर और दिसंबर में तीव्र आवृत्ति वाले पश्चिमी विक्षोभ नहीं आए हैं। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के कारण वहां से आने वाली सर्द हवाओं के साथ राजस्थान की ओर से भी शुष्क ठंडी हवाएं लगातार चल रही हैं, जिससे भोपाल, इंदौर और राजगढ़ में रात के तापमान में लगातार गिरावट बनी हुई है।

Next Post

गढ़वा पुलिस ने नैकहवा से पकड़ा रेत लोड टीपर वाहन

Mon Dec 15 , 2025
सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत नैकहवा में आज दिन सोमवार को पुलिस ने एक टीपर वाहन को सोन नदी से रेत लोड पकड़ते हुये कार्रवाई की है। गढ़वा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज दिन सोमवार को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बगदरा तरफ से […]

You May Like