नई दिल्ली : ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि सोमवार, 15 दिसंबर को मनाई गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तमाम बड़े नेताओं ने ‘अखंड भारत’ के निर्माता को नमन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अखंड और सशक्त भारतवर्ष के निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान है, जिसे कृतज्ञ राष्ट्र कभी नहीं भुला सकता।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक और मजबूत भारत का शिल्पकार बताया। शाह ने लिखा कि आजादी के बाद खंड-खंड में बंटे भारत को तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एकीकृत करके सरदार साहब ने एक सुदृढ़ राष्ट्र का रूप दिया। गृह मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि देश के पहले गृह मंत्री के रूप में उन्होंने माँ भारती की सुरक्षा, आंतरिक स्थिरता एवं शांति की स्थापना को ही अपना जीवन लक्ष्य बनाया। शाह के अनुसार, सरदार पटेल ‘राष्ट्रप्रथम’ के पथ पर हम सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें भारत की राष्ट्रीय एकता का सूत्रधार और एकीकृत भारत का शिल्पकार बताया। बिरला ने उल्लेख किया कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री के रूप में, उन्होंने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और अटल संकल्प के बल पर राष्ट्र की अखंडता को सुनिश्चित किया। उन्होंने आगे कहा कि उनके दूरदर्शी मार्गदर्शन के कारण ही 550 से अधिक रियासतों का भारत संघ में ऐतिहासिक विलय संभव हो पाया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए भारत की एकता और अखंडता का ‘शिल्पी’ बताया।

