मतदाता सूची सत्यापन को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, दिग्विजय सिंह ने प्रस्तुत की कार्ययोजना

भोपाल: देश के लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने तथा चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने रविवार को नई दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में मतदाता सूची सत्यापन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मतदाता सूची सत्यापन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने इसकी प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, तेलंगाना प्रभारी एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य प्रदेश सहप्रभारी चंदन यादव तथा उषा नायडू सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में संगठन के सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय बनाते हुए मतदाता सूची सत्यापन का कार्य गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते चिन्हित कर दूर किया जाएगा।

कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र की रक्षा, संविधानिक मूल्यों की सुरक्षा और नागरिकों के मताधिकार को मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Next Post

केंद्रीय मंत्री शाह से सीएम डॉ यादव ने की मुलाकात, ग्वालियर आने का दिया आमंत्रण

Sun Dec 14 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके निवास पर मुलाकात कर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर ग्वालियर में आयोजित कल्याणकारी कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री […]

You May Like