
सीहोर। सड़क हादसों के लिए कुख्यात भोपाल- इंदौर राजमार्ग पर रविवार को एक बार फिर बड़ा हादसा उस वक्त टल गया जब एक ही दिशा में जा रहे ट्रक और कार के बीच भिड़ंत हो गई. कार को बचाने के प्रयास में ट्रक डिवायडर पर जा चढ़ा, उसके बाद भी दोनों में भिड़ंत हो गई. गनीमत रही कि इस हादसे में जनहानि नहीं हुई.
दो दिन पहले बिलकीसगंज जोड़ पर आष्टा थाने में पदस्थ महिला सब इंस्पेक्टर की थार ने बाइक सवार दो युवकों सहित चार लोगों को रौंद डाला था. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि तीन लोग गंभीर घायल हो गए थे. इसी तारतम्य में रविवार की सुबह भोपाल- इंदौर राजमार्ग स्थित अमलाहा पुलिस चौकी के समीप एक ही दिशा से आ रहे कार और ट्रक के बीच भिडं़त हो गई. हालांकि ट्रक चालक ने हादसे को टालने के लिए ट्रक डिवायडर पर ही चढ़ा दिया. उसके बाद भी दोनों वाहन आपस में टकरा गए. हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कार में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई, हालांकि कार बुरी तरह से चकनाचूर हो गई.
