
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई। इस अवसर पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा कि अंबेडकर का “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक लाभ के लिए अंबेडकर के नाम का उपयोग करती है।
अहिरवार ने ग्वालियर में अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि हाईकोर्ट परिसर में उनकी प्रतिमा लगाने में कथित बाधा डाली गई, जो दलित समाज की भावनाओं का अपमान है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दलित कल्याण के लिए आवंटित बजट में राज्य सरकार भ्रष्टाचार कर रही है और अधिकांश प्रावधान केवल कागजों तक सीमित हैं।
इस दौरान विनय मालवीय, नीरज चंदाले और मुकेश बंसल सहित कई नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
