सरई: कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में तहसीलदार सरई चन्द्रशेखर मिश्रा द्वारा आज उपार्जन केंद्र बरका का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र पर भंडारण व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। निरीक्षण के समय धान की बोरियां अव्यवस्थित पाई गईं, जिस पर तहसीलदार द्वारा समिति प्रबंधक एवं उपार्जन टीम को तत्काल बोरियों को निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
प्रशासन की सख्ती को दर्शाते हुए तहसीलदार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान उपार्जन से पूर्व उसकी ग्रेडिंग, नमी की मात्रा की जांच तथा गुणवत्ता परीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। मौके पर लाई गई धान की बोरियों का निरीक्षण कर ग्रेडिंग कराई गई, जिसमें कुछ किसानों का धान एन ग्रेड एवं मानक से कम पाया गया। ऐसे धान को नियमानुसार तत्काल रिजेक्ट किया गया तथा किसानों को धान को सुखाकर पुन: लाने की सलाह दी गई।
उपार्जित धान की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसीलदार द्वारा बोरियों की व्यवस्थित टैगिंग कर उन्हें विधिवत सिलकर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। किसानों की सुविधा के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्होंने समिति में तौल कार्य हेतु पर्याप्त मजदूरों की व्यवस्था, बोरों की पर्याप्त उपलब्धता तथा उपार्जन केंद्र पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उपार्जन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए तहसीलदार द्वारा वर्तमान में केवल सामने की ओर लगे सीसीटीव्ही कैमरों के स्थान पर उपार्जन केंद्र के चारों ओर सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए गए। उपार्जन समिति बरका में आज तक कुल 11,996 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है। निरीक्षण के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा किसानों के हितों की रक्षा करते हुए शासन की योजनाओं का संवेदनशीलता एवं सख्ती के साथ प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा
