सलाहकार समिति से जिले के विकास को मिलेगी नई दिशा -राधा सिंह

मैहर/सतना: प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा मैहर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मैहर में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि सभी जिलों में मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में जिला विकास एवं सलाहकार समिति का गठन किया गया है। जिला विकास एवं सलाहकार समिति की सहभागिता से नवगठित मैहर जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।

समिति जिले के विकास के लिए दीर्घकालीन योजना तैयार करने के साथ समस्याओं को हल करने पर भी विचार मंथन करेगी। इस मौके पर सांसद गणेश सिंह, विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, संतोष सोनी, कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर संजना जैन, एसडीएम दिव्या पटेल सहित विभाग प्रमुख अधिकारी और नवगठित जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य गण उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि आज सरकार के दो वर्ष पूर्ण हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति के साथ ही सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हुई है। इन दो वर्षों में मैहर जिले के गठन के साथ जिले और प्रदेश को विकास की कई सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि हर जिले की अपनी विशेषताएं हैं। उनके अनुरूप विकास की कार्ययोजना बनाई जाएगी।

समिति में शामिल विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ सदस्य जिले के विकास के लिए उपयोगी सुझाव दें और जिले के सर्वागीण और चतुर्मुखी विकास में अपनी सहभागिता देकर उत्कृष्ट योगदान दें। प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में समिति के कार्य क्षेत्र और पिछले दो सालों में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में हासिल की गई उपलब्धियों तथा मैहर जिले में दो वर्षों में प्राप्त उल्लेखनीय उपलब्धियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री ने श्रम विभाग के अंतर्गत श्रमिक कल्याण विभाग विश्राम भवन और जिले में पिछडा वर्ग कल्याण के छात्रावास खोलने प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मैहर एक नव गठित जिला है और यहां विभिन्न शासकीय कार्यालयों तथा संस्थाओं के लिए जमीन की आवश्यकता होगी। इसलिए मैहर के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण नहीं होने दें।

Next Post

नेशनल लोक अदालत में 2904 प्रकरणों का निराकरण

Sun Dec 14 , 2025
सतना: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार 13 दिसंबर 2025 को जिला एवं सत्र न्यायालय, एडीआर सेंटर सतना में नेशनल लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतना द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी […]

You May Like