इंदौर: शहर में किए जा रहे विकास कार्यों कि श्रृंखला में महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा झोन क्रमांक 9, वार्ड क्रमांक 47 के अंतर्गत प्रस्तावित मालवा मिल कम्युनिटी हॉल प्रोजेक्ट के तहत कुशाभाऊ ठाकरे कम्युनिटी हॉल का विधिवत भूमि पूजन किया गया. यह कम्युनिटी हॉल लगभग 6 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित किया जाएगा.
भूमि पूजन कार्यक्रम में महापौर परिषद सदस्य एवं क्षेत्रीय पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया, झोनल अधिकारी अभिषेक सिंह, निगम अधिकारियों एवं वार्ड के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे. महापौर परिषद सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि मालवा मिल कम्युनिटी हॉल प्रोजेक्ट लगभग 49,700 वर्ग फीट क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है. भवन का निर्माण ग्राउंड प्लस टू फ्लोर एवं टेरेस के स्वरूप में किया जाएगा, जिसके ग्राउंड फ्लोर में दुकानों का निर्माण, वाहन पार्किंग की सुविधा, इस तल के स्थान का व्यावसायिक उपयोग कर निगम राजस्व वृद्धि भी सुनिश्चित करेगा. परियोजना का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को एक सुविधाजनक, आधुनिक एवं बहुउद्देश्यीय भवन उपलब्ध कराना है. यह भवन न केवल सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
यह सुविधा रहेगी
मालवा मिल कम्युनिटी प्रोजेक्ट में प्रथम एवं द्वितीय मंजिल में विशाल एवं आधुनिक हॉल का निर्माण, हॉल का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न पारिवारिक आयोजनों के लिए किया जाएगा द्वितीय मंजिल पर अतिथियों हेतु कमरों की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके टेरेस पर आकर्षक रेस्टोरेंट का निर्माण किया जाएगा, जिसका उपयोग आमजन एवं आगंतुक कर सकेंगे.
