
टीकमगढ़। आबकारी विभाग ने शुक्रवार को पुरानी टिहरी रोड स्थित एक बंद ढाबे पर छापा मारा। इस दौरान ढाबे से लगभग 50 पेटी देशी शराब जब्त की गई। कार्रवाई के बाद ढाबे के मालिक रुद्र तोमर ने एक वीडियो जारी कर आबकारी टीम पर पुलिस के साथ मिलकर फर्जी कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
रुद्र तोमर ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई उन्हें लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई गई एक शिकायत वापस लेने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और झूठे आपराधिक प्रकरणों में फंसाने की साजिश रची जा रही है।
