
इंदौर. राजा रघुवंशी हत्याकांड की सुनवाई में गुरुवार को मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की दो सहेलियां अदालत के सामने पेश हुईं. शिलांग कोर्ट में हुई कार्यवाई में दोनों युवतियां इंदौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुनवाई के दौरान सोनम की सहेलियां दीपांशी और प्रियांशी अदालत के समक्ष पेश हुईं. दोनों फिलहाल सोनम के भाई गोविंद की फैक्ट्री में कम्प्यूटर संबंधी कार्य देखती हैं. वे ई सेवा प्लेटफॉर्म के जरिए सुनवाई से जुड़ीं, जहां उनके वकीलों की टीम भी मौजूद रही. अदालत ने पहले दीपांशी को गवाह के रूप में बुलाया और उससे सोनम की पहचान कराई. इसके बाद उसके सामने सोनम के स्वभाव, व्यवहार और संबंधों से जुड़े सवाल रखे. कोर्ट ने यह स्पष्ट करने का प्रयास भी किया कि क्या वह राजा रघुवंशी को जानती थी. पूछताछ के बाद दीपांशी का बयान रिकॉर्ड कर लिया है. वहीं दूसरी ओर प्रियांशी का बयान अगली सुनवाई में दर्ज किया जाएगा. बयान देने के बाद दोनों युवतियां किसी से बातचीत किए बिना वीडियो लिंक डिस्कनेक्ट कर सुनवाई से अलग हो गईं. अदालत अब अगली तारीख पर शेष गवाही दर्ज करेगी, जिसके बाद मामले की आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी.
