
सतना। जिला शहरी विकास अधिकरण अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, अपर कलेक्टर विकास सिंह, समस्त निकायों के सीएमओ एवं इंजीनियर,नगर निगम के कार्यपालन यंत्री रोजल प्रताप सिंह,उपयंत्री केपी गुप्ता,सिटी मिशन मैनेजर सुभाष तिवारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने अमृत 2.0 मिशन अंतर्गत वाटर बॉडी, पार्क, सीवरेज की प्रगति की समीक्षा करते हुए नगर निगम को जल उपयोगिता प्रबंधन के लिए जमीन आवंटन के संबंध में एसडीएम उचेहरा को निर्देशित किया। नगर पंचायत चित्रकूट और बिरसिंहपुर में पार्क के लिए जमीन आवंटन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 अंतर्गत मलिन बस्तियों का सर्वे कर पट्टा वितरण की कार्यवाही समय सीमा में करने के लिए सभी निकायों को निर्देशित किया गया। गीता भवन निर्माण के लिए समस्त निकायों को जमीन चिन्हांकन किए जाने एवं चित्रकूट नगर परिषद के रजौला में योजना अंतर्गत निर्माण कार्य किए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने एसबीएम 2.0 में स्वीकृत शौचालयों के निर्माण की कार्यवाही तेज किए जाने के निर्देश दिए।
