शिवपुरी: शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में स्थित पडोरा चौराहे पर ‘पंडित ट्रेवल्स’ की एक यात्री बस में क्षमता से अधिक सवारियां भरने के कारण बस का सस्पेंशन टूट गया। बस के रुक जाने और अपनी यात्रा जारी न रख पाने से परेशान यात्रियों ने मौके पर पुलिस को बुला लिया। यह बस बीते रोज उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से मध्य प्रदेश के इंदौर के लिए निकली थी, जिसमें क्षमता से दोगुनी से भी अधिक सवारियां भरी थीं।
बस में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि इस बस में लगभग 125 सवारियां भरी हुई थीं, जबकि बस की क्षमता लगभग 50 यात्रियों की है। अत्यधिक ओवरलोडिंग के कारण ही पडोरा चौराहे पर बस का सस्पेंशन टूट गया और वह आगे नहीं बढ़ पाई। यात्रियों ने बताया कि यह बस केवल इंदौर ही नहीं, बल्कि इसमें अहमदाबाद, बड़ौदा और अन्य महानगरों की सवारियां भी थीं।
यात्रियों ने बस की लगातार खराब होती स्थिति पर आक्रोश व्यक्त किया। एक यात्री ने बताया कि बस 1 घंटे भी लगातार नहीं चल पा रही थी। कभी टायर पंचर होता, तो कभी कोई और खराबी आ जाती। झांसी हाईवे पर करैरा के पास बस की एक ट्रॉले से भिड़ंत भी हो गई थी, जिससे बस का कांच टूट गया और अब उसमें से हवा आ रही थी। और अब, पडोरा में सस्पेंशन टूट गया।
मुंबई जाने वाले अमित कौशल ने बताया कि बस 6 घंटे लेट हो चुकी है। उन्हें इंदौर से मुंबई जाने के लिए दूसरी बस पकड़नी थी, जिसके छूटने की संभावना है। अगर वे समय पर नहीं पहुंचे, तो उनका मुंबई से दुबई जाने वाला विमान छूट जाएगा।
