
बेगमगंज। रायसेन जिले के सुल्तानगंज में बहादुरी और उत्कृष्ट पुलिस कार्य की मिसाल पेश करने वाले थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा बेगमगंज–सुल्तानगंज द्वारा विशेष सम्मान से नवाज़ा गया। थाना परिसर में आयोजित गरिमामयी समारोह में उन्हें शाल, श्रीफल, हारफूल माला और प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें बहुचर्चित गोहरगंज की 6 वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी सलमान की गिरफ्तारी और उसके एनकाउंटर में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए दिया गया। थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत और इनकी टीम की त्वरित कार्रवाई ने न केवल आरोपी को पकड़कर कानून के हवाले किया बल्कि क्षेत्र में अपराधियों के मन में भय और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत किया।
इसके साथ ही, थाना प्रभारी राजपूत और टीम ने अभियान ‘मुस्कान’ के तहत सुल्तानगंज थाना क्षेत्र की 23 नाबालिग बच्चियों को 100 प्रतिशत दस्तयाब कर सुरक्षित उनके परिजनों को सौंपा, जिससे कई परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं। उनकी संवेदनशीलता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा को समाज ने खुले दिल से सराहा है।
क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि थाना राजपूत की कार्यशैली और साहस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को नई मजबूती दी है।
