धान के नीचे मिला 46 किलो गांजा, तस्करी के आरोप में राज्यमंत्री का भाई गिरफ्तार

सतना: रामपुर बाघेलान पुलिस ने धान के ढ़ेर के नीचे 46 किलो गांजे की खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी में राज्यमंत्री का भाई भी शामिल है.एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के मरौहा गांव में मादक पदार्थों का भंडारण किया गया है। सूचना पर 7-8 दिसंबर की दरमियानी रात पुलिस ने पंकज सिंह (निवासी मतहा) के घर पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान घर के बाहर टीन शेड में रखी धान की बोरियों के नीचे 4 संदिग्ध बोरियां मिलीं। जब उन्हें खोला गया तो उनमें से गांजे के 48 पैकेट बरामद हुए। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 46 किलो 134 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 22 हजार 680 रुपये है।मौके से गिरफ्तार आरोपी पंकज सिंह से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने बताया कि बरामद गांजा अनिल बागरी (मंत्री का भाई) और उसके जीजा शैलेंद्र सिंह (निवासी विराट नगर) का है।

पंकज के बयान के आधार पर पुलिस ने सोमवार को अनिल बागरी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अनिल बागरी, अपने जीजा शैलेंद्र सिंह के साथ मिलकर गांजा तस्करी का नेटवर्क चलाता था। शैलेंद्र सिंह तस्करी का मास्टरमाइंड माना जा रहा है, जिसे बीते 3 दिसंबर को ही उत्तर प्रदेश की बांदा पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था और वह अभी बांदा जेल में है।
 जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने आरोपी अनिल बागरी और पंकज सिंह को एनडीपीएस एक्ट की विशेष अदालत में न्यायाधीश शशिकांत वर्मा के समक्ष पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को 19 दिसंबर तक की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। रामपुर बाघेलान थाने में तीनों आरोपियों (अनिल, पंकज और शैलेंद्र) के खिलाफ बीएनएस की धारा 8/20 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।पुलिस आगे मामले पर जांच कर रही है।
सप्लाई चैन-फाइनेंसर की पड़ताल जारी
पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहाँ से खरीदा गया इस खेप को किस इलाके में सप्लाई किया जाना था और क्या इसके पीछे कोई संगठित फाइनेंसर या बड़ा गिरोह शामिल है क्या कार का उपयोग पहले भी तस्करी में हुआ है कार एमएच 49 बीबी 9699 की तकनीकी जांच कर पुलिस उसके पिछले रूट, टोल डेटा और लोकेशन हिस्ट्री भी खंगाल रही है।
जबरदस्ती की बात
मामले की गंभीरता को देखते हुए इस संबंध में राज्यमंत्री श्रीमती बागरी की प्रतिक्रिया की बेसब्री से प्रतीक्षा होने लगी। सोमवार की शाम खजुराहो के महाराजा कन्वेंशन सेंटर से निकलते समय मीडिया ने जब राज्यमंत्री श्रीमती बागरी से उनके भाई की गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तारी पर सवाल किया तो उन्होंने झल्लाते केवल इतना कहा कि जबरदस्ती की बात क्यों करते हो तुम लोग। इसके बावजूद भी इस संबंध में उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। लेकिन वे बिना कोई जवाब दिए वहां से निकल गईं।वहीं, इस मामले में जब उनके पिता जय प्रताप बागरी से सवाल किया गया तो उन्होंने यह कहते हुए फोन रख दिया कि उनकी आंख का ऑपरेशन हुआ है, वे अभी बात नहीं कर सकते।

Next Post

विजयपुर में खेत पर सो रहे बुजुर्ग की जंगली जानवर के हमले में मौत

Tue Dec 9 , 2025
श्योपुर: विजयपुर थाना क्षेत्र में खेत पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की जंगली जानवर के हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान विजयपुर निवासी लक्खू राम पिता जग्गू राम राठौर के रूप में हुई है। लक्खू राम प्रतिदिन की तरह रात में अपने घर से खेत पर सोने […]

You May Like