टेनिस प्रीमियर लीग का सातवां सीजन अहमदाबाद में मंगलवार से शुरू होगा

अहमदाबाद, 08 दिसंबर (वार्ता) बहुप्रतीक्षित टेनिस प्रीमियर लीग (टीपीएल) का सातवां सीजन नौ से 14 दिसंबर तक गुजरात यूनिवर्सिटी टेनिस स्टेडियम में खेला जायेगा। टूर्नामेंट में आठ टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेगी।

प्रत्येक टीम 9 से 13 दिसंबर तक पांच लीग मैच खेलेगी और टॉप चार टीमें 14 दिसंबर को आखिरी दिन सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचेंगी। टीपीएल के इस अनोखे फॉर्मेट में हर मैच में चार राउंड होते हैं – महिला एकल, मिश्रित युगल, पुरुष एकल और पुरुष युगल। हर राउंड में 25 पॉइंट होते हैं, जिससे हर मैच कुल 100 पॉइंट का होता है। इस सीजन में दुनिया के शीर्ष 50 में रैंक वाले अंतरराष्ट्रीय सितारों और भारत की बेहतरीन प्रतिभाओं का एक असाधारण मिश्रण है, जिसमें हर फ्रेंचाइजी में एक मार्की खिलाड़ी है ।

एसजी पाइपर्स की अगुवाई भारत के टेनिस आइकन और दो बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन रोहन बोपन्ना करेंगे। उनके साथ भारत की नंबर 2 महिला एकल खिलाड़ी श्रीवल्ली भामिदीपति और रामकुमार रामनाथन होंगे।

राजस्थान रेंजर्स इटली के विस्फोटक वर्ल्ड नंबर 26, लुसियानो डार्डेरी के साथ-साथ रूस की अनास्तासिया गसानोवा और दक्षिणेश्वर सुरेश पर निर्भर रहेंगे। गुड़गांव ग्रैंड स्लैमर्स ब्रिटेन के डैनियल इवांस के अनुभव पर भरोसा करेंगे, जिनकी 2023 में दुनिया में करियर की सबसे ऊंची रैंक नंबर 21 थी। वह भारत की टॉप रैंक वाली महिला सिंगल्स खिलाड़ी सहाजा यमलपल्ली और श्रीराम बालाजी के साथ कोर्ट साझा करेंगे। गुजरात पैंथर्स की अगुवाई फ्रांस के वर्ल्ड नंबर 42 एलेक्जेंडर मुलर करेंगे, साथ में इटली की नूरिया ब्रांकासियो और भारत के अनिरुद्ध चंद्रशेखर होंगे। डिफेंडिंग चैंपियन हैदराबाद स्ट्राइकर्स को उम्मीद होगी कि वे स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज के साथ फिर से ट्रॉफी जीतेंगे, जो अभी 93वें नंबर पर हैं। उनके साथ फ्रांस की उनकी हमवतन कैरोल मोनेट और पिछले सीजन से वापसी कर रहे भारत के अनुभवी डबल्स खिलाड़ी विष्णु वर्धन भी होंगे।

बोस्निया के पूर्व वर्ल्ड नंबर 23 दामिर ज़ुमहर यश मुंबई ईगल्स की टीम में बुरुंडी के सादा नाहिमाना और भारतीय स्टार निकी पूनाचा के साथ मुख्य खिलाड़ी होंगे। जीएस दिल्ली एसेस में ब्रिटेन के नंबर 4 रैंक वाले टेनिस खिलाड़ी बिली हैरिस, 20 साल की बेल्जियम की सोफिया कोस्टौलास और भारतीय लेफ्टी जीवन नेदुंचेझियान होंगे। चेन्नई स्मैशर्स होनहार चेक टैलेंट डालिबोर स्वर्सिना, रोमानिया की इरिना बारा और भारत के डबल्स स्पेशलिस्ट ऋत्विक बोलिपल्ली पर भरोसा करेंगे।

कुणाल ठक्कर, टेनिस प्रीमियर लीग के को-फाउंडर कुणाल ठक्कर ने कहा, “ओपनिंग मैच में बस कुछ ही दिन बचे हैं, TPL सीज़न 7 को लेकर उत्साह चरम पर है। इस साल कॉम्पिटिशन का लेवल बहुत अच्छा है, जिसमें एटीपी टॉप 50 में रैंक वाले खिलाड़ी अहमदाबाद आ रहे हैं। हम एक हफ्ते तक हाई-क्वालिटी, तेज़-तर्रार टेनिस देखने का इंतज़ार कर रहे हैं और मैं सभी फैंस से अपील करता हूं कि वे स्टैंड से खिलाड़ियों को सपोर्ट करने आएं।”

 

 

Next Post

स्पेशल ओलंपिक्स भारत ने नए अभियान ‘क्रांति खेल से’ का किया शुभारंभ

Mon Dec 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 दिसंबर (वार्ता) स्पेशल ओलंपिक्स भारत ने आधिकारिक तौर पर अपना नया सोशल मीडिया अभियान ‘क्रांति खेल से’ का शुभारंभ किया। इस अभियान का मकसद बौद्धिक और विकासात्मक अक्षमता (आईडीडी) वाले व्यक्तियों के लिए समावेशी खेल और सामाजिक बदलाव को बढ़ावा देने वाले एक समर्पित संगठन के रूप […]

You May Like