
इंदौर. तिलक नगर इलाके में महिला को अश्लील गालियां देने से रोकने पर उसके पति और बीच बचाव करने पहुंचे पड़ोसी पर हमला करने वाले दो बदमाश और दो अपचारी पुलिस की तुरंत कार्रवाई में पकड़े गए. जनप्रतिनिधि से गाली-गलौज और धमकाने तक की नौबत आने पर पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि अपचारी के परिजनों को बुलाकर कड़ी हिदायत देते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की.
एडीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि 47 वर्षीय फरियादी राजकुमार कोठारी निवासी संविद नगर, ने रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे पड़ोसी हेमलता के घर से चीख-पुकार सुनाई दी. बाहर निकलकर देखा तो सुमित उर्फ बेरा बोरासी, सुनील बोरासी उर्फ काली और उनका एक अन्य साथी हेमलता और उसके पति से झगड़ा करते हुए अभद्र भाषा में गालियां दे रहे थे. मना करने पर तीनों ने राजकुमार को भी गालियां दीं और बीच में आने पर जान से मारने की धमकी दी. शिकायत पर तिलक नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने विनोबा नगर में दबिश देकर दो आरोपियों सुमित उर्फ बेरा बोरासी और सुनील बोरासी को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही घटना में शामिल दो अपचारी भी पकड़े गए. पुलिस ने अपचारी के परिजनों को बुलाकर सख्त समझाइश दी और उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर तस्दीक कराई गई और बाद में उन्हें जेल भेज दिया.
