
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला वर्ष 2025-26 में अनारक्षित दुकानों के आवंटन के लिये एमपी ऑनलाइन पोर्टल से मेले में दुकान लगाने के इच्छुक आवेदकों को ऑनलाइन दुकान आवंटन की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। अब तक 552 अनारक्षित दुकानों का आवंटन किया जा चुका है। मेले में दुकान लगाने के इच्छुक व्यक्ति पोर्टल पर सेक्टरवार रिक्त दुकानों में से सिलेक्ट कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मेला सचिव सुनील त्रिपाठी ने बताया कि एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मेले की 960 अनारक्षित दुकानें जो पूर्व में आवंटित की गई थीं, उनमें से 930 दुकानों का आधिपत्य दुकानदारों को दे दिया गया है। शेष दुकानदारों से भी 10 दिसम्बर तक अपनी दुकानों का बीमा एवं अग्निशमन यंत्र के क्रय अथवा रिफिल की रसीद पोर्टल पर अपलोड कर आधिपत्य लेने का आग्रह किया गया है। 10 दिसम्बर के बाद 200 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से अर्थदण्ड एवं जुर्माना वसूल किया जायेगा।ग्वालियर व्यापार मेला 25 दिसम्बर से प्रारंभ होगा। मेले में दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों से अपील की गई है कि वे अपनी दुकानों की सजावट का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लें। 25 दिसम्बर से दुकान संचालन न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। मेले में कई दुकानों के साथ ही झूला सेक्टर में झूले लगाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। साथ ही मेले में अन्य व्यवस्थायें भी विभागीय अधिकारियों द्वारा कराई जा रही हैं। मेले की सभी तैयारियां 25 दिसम्बर से पूर्व कर ली जायेंगीं।
