मुंबई, 06 दिसंबर, 2025: बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र के निधन के बाद उनकी 90वीं जयंती (8 दिसंबर) पर देओल परिवार ने एक बड़ा और भावुक फैसला लिया है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सनी और बॉबी देओल अपने पिता को याद करने के लिए खंडाला स्थित धर्मेंद्र के बेहद पसंदीदा फार्महाउस के दरवाज़े फैंस के लिए खोलने जा रहे हैं।
परिवार चाहता है कि जो लोग धर्मेंद्र से प्यार करते थे, जिन्हें उनका अंतिम दर्शन नहीं मिल पाया, वे इस दिन आकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दे सकें। देओल परिवार इस आयोजन को किसी भव्य इवेंट में नहीं बदलना चाहता। उनका इरादा इसे शांत, सरल और इमोशनल गेदरिंग रखने का है, जहां लोग सिर्फ धर्मेंद्र को याद कर सकें।
धर्मेंद्र ने 24 नवंबर 2025 को, अपने 90वें जन्मदिन से ठीक 15 दिन पहले, दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके निधन के बाद मुंबई में निजी रूप से अंतिम संस्कार हुआ था, जिसके बाद सेलेब्रेशन ऑफ लाइफ प्रेयर मीट रखी गई थी, जिसमें कई बड़े सितारे शामिल हुए थे। अब उनकी 90वीं जयंती पर फैंस को उनकी विरासत को सम्मानपूर्वक याद करने का अवसर मिलेगा।

