
छतरपुर। जिले में लगातार बढ़ रहे खाद संकट ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह खाद उपलब्ध न होने से नाराज़ किसानों ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कृषि उपज मंडी सटई रोड पर जाम लगा दिया। अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सहकारी समितियों में स्टॉक कम, वितरण अव्यवस्थित
किसानों का आरोप है कि वे कई दिनों से खाद के लिए लंबी लाइनों में खड़े हो रहे हैं, लेकिन फिर भी पर्याप्त खाद नहीं मिल रही। मार्कफेड और सहकारी समितियों में स्टॉक बेहद कम है, जबकि वितरण की प्रक्रिया भी अव्यवस्थित बनी हुई है। किसानों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खाद संकट पर कोई ठोस प्रबंधन नहीं किया गया।
ग्रामीण किसानों ने बताया कि रोजाना खाद के लिए हंगामा करना पड़ता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचने की बजाय “उदासीन रवैया” अपनाए हुए हैं। उनका कहना है कि खेत बोने का समय बीत रहा है और यदि जल्द खाद उपलब्ध नहीं हुई तो फसलें प्रभावित होने का खतरा बढ़ जाएगा।
पुलिस ने जाम खुलवाया
जाम की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सड़क को खुलवाया और यातायात बहाल किया।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही खाद की उपलब्धता सामान्य नहीं की गई, तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। जिले में खाद संकट लगातार गहराता जा रहा है, जबकि प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।
