ईडी ने धन शोधन और कट्टरपंथियों से संबंध के आरोप में ट्रस्ट के पूर्व चीफ को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 04 दिसंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बीकानेर में अलफुरकान एजुकेशनल ट्रस्ट (एईटी) के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद सादिक उर्फ सादिक खान को धन शोधन और कट्टरपंथियों से संबंधों के मामलों में गिरफ्तार किया है।

ईडी के सूत्रों के मुताबिक सादिक को जयपुर में एक स्पेशल पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। ईडी ने उनकी हिरासत रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें आरोपी के लिए तीन दिन की हिरासत रिमांड दी गई है। ईडी ने राजस्थान पुलिस द्वारा दर्ज दो प्राथमिकियों और भरोसेमंद जानकारी के आधार पर पीएमएलए जांच शुरू की।

आरोप है कि मोहम्मद सादिक कट्टरपंथ की गतिविधियों, जबरदस्ती धर्म बदलने, विदेशों में अलग-अलग कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े होने और अपने और अपने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों से करोड़ों रुपये के संदिग्ध बड़े वित्तीय लेन-देन में शामिल था।

ईडी की जांच से पता चला है कि मोहम्मद सादिक ने अलफुरकान एजुकेशनल ट्रस्ट बनाया था, जो मस्जिद-ए-आयशा का प्रबंधन करता है। इस ट्रस्ट के जरिए नियमित रूप से लोगों से बड़ा चंदा नकदी के रूप में इकट्ठा करता था और जिसका कोई वित्तीय रिकॉर्ड नहीं रखा जाता था। धार्मिक, सामाजिक और चैरिटेबल कामों के लिए इकट्ठा किया गया चंदा मोहम्मद सादिक ने पूरी तरह से बिना किसी दस्तावेज और रिकॉर्ड के अपने नियंत्रण में रखा था।

जांच से पता चलता है कि ये बिना हिसाब-किताब वाले नकदी संग्रह फंड के मुख्य स्रोत बन गए, जिन्हें उसने अपने निजी इस्तेमाल और कई गैर-कानूनी कामों को वित्तपोषित करने के लिए इस्तेमाल किया। इसमें अपने कट्टरपंथी एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए विदेशों में प्रतिबंधित और कट्टरपंथी संगठनों से मिलने के लिए बार-बार विदेश दौरे करना शामिल था। उसकी विदेश यात्राओं की जांच से पता चलता है कि सादिक ने बिना किसी कानूनी वित्तीय लेखा-जोखा, बगैैर सत्यापित नकदी फंड का इस्तेमाल करके बांग्लादेश, नेपाल, कतर और ओमान की कई यात्राएं कीं।

मोहम्मद सादिक की गिरफ्तारी छद्म वित्तीय अभियान, संदिग्ध कट्टरपंथी असर और चैरिटेबल और धार्मिक काम की आड़ में चल रही गैर-कानूनी गतिविधियों के नेटवर्क को खत्म करने में एक अहम कदम है।

 

Next Post

भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में सहायता करने को रूस तैयार: बेलौसोव

Thu Dec 4 , 2025
नयी दिल्ली, 4 दिसंबर (वार्ता) रुस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव गुरुवार को कहा कि उनके देश का रक्षा उद्योग रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के भारत के प्रयासों में सहयोग करने को तैयार है। श्री बेलौसोव ने यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ भारत और […]

You May Like