
टीकमगढ। बिजली लाइन सुधारने के लिए पोल पर चढ़ा युवक करंट की चपेट में आने से जिंदा जल गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद एक बड़ी लापरवाही निकलकर सामने आई है। जिसमें मृतक का शव कई घंटों तक बिजली के खंभे पर लटका रहा । गुस्साए ग्रामीणों ने बल्देवगढ़ क्षेत्र के ग्राम डुडिय़न खेरा गांव के मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। मामले की जानकारी लगते ही एसडीओपी राहुल कटरे मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझाईश दी तब कही जाकर जाम खोला गया। पुलिस ने मृतक की पहचान मोहन अहिरवार निवासी टपरियन डुडिय़न खेरा के रूप में करते हुए शव का पीएम कराकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। लापरवाही यह है कि घटना के करीब छह घंटे तक शव बिजली के तारों पर लटका रहा था। घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजे जिले से 40 किमी दूर डुडिय़न खेरा गांव की है।
