
भोपाल। मध्य प्रदेश में आयुष पाठ्यक्रमों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने के बाद संचालनालय आयुष ने छात्रहित को प्राथमिकता देते हुए सत्र 2025-26 के लिए आयुष नीट यूजी स्ट्रेवेकेंसी राउंड का द्वितीय चरण जारी कर दिया है। इससे प्रदेश के आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी कॉलेजों में रिक्त सीटों को भरने की उम्मीद बढ़ गई है। संचालनालय के अनुसार 3 दिसंबर को ऑनलाइन पंजीयन और 4 दिसंबर को अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। अब 5 दिसंबर को रिक्त सीटों की स्थिति जारी की जाएगी। इसके साथ ही मेरिट सूची और पात्र अभ्यर्थियों की सूची भी प्रकाशित की जाएगी। वहीँ 6 दिसंबर को अभ्यर्थियों के लिए चयन विकल्प भरने की प्रक्रिया आयोजित होगी। 7 दिसंबर को महाविद्यालय के लिए मेरिट सूची जारी की जाएगी। जिसके बाद 8 दिसंबर को अभ्यर्थियों को संबंधित महाविद्यालयों में रिपोर्टिंग और उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके बाद ही 9 दिसंबर को अस्थाई प्रवेश दिए जाएंगे और प्रवेश निरस्तीकरण भी इसी दिन शाम छह बजे तक किया जायेगा। बता दें प्रदेश में वर्तमान में आयुर्वेद के 39 , होम्योपैथी के बीस और यूनानी के चार कॉलेज संचालित हैं , जिनमें कुल मिलाकर साढ़े चार हजार से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। स्ट्रेवेकेंसी प्रथम राउंड के बाद भी लगभग 1250 से अधिक सीटें खाली पड़ी हुई हैं।
कमिश्नर आयुष और आयुष मंत्री मप्र द्वारा अगर नीट यूजी स्ट्रेवेकेंसी रूलबुक में कुछ संशोधन कर अभी तक के प्रवेशित अभ्यर्थियों के अतिरिक्त पंजीकृत समस्त छात्रों को स्ट्रेवेकेंसी के द्वितीय चरण में शामिल कर लिया जाये। तो रिक्त लगभग 1250 से ज्यादा यूजी सीटें भर सकेंगी। या फिर जब तक कटऑफ पर्सेंटाइल में कमी नहीं की जायेगी तब तक सीटें ज्यादातर खाली रहेंगी।
डॉ राकेश पाण्डेय
राष्ट्रीय प्रवक्ता, आयुष मेडिकल एसोसिएशन
