वारसॉ, 02 दिसंबर (वार्ता) पोलैंड के उप रक्षा मंत्री पावेल बेजदा ने बताया कि सेना को अमेरिका के 32 एम1ए2 अब्राम्स टैंक की खेप मिलने से रक्षा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
श्री बेजदा ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “यह नवीनतम अब्राम्स टैंकों की चौथी खेप है। वर्तमान में, 32 एम1ए2 टैंक पोलिश बंदरगाह पर उतारे जा रहे हैं।” उन्होंने बताया कि ये टैंक पोलिश सशस्त्र समूह के संयंत्र में संशोधित किये जाने के बाद सेवा में शामिल किए जाएंगे।
गौरतलब है कि 2022 में, पोलैंड और अमेरिका ने संबंधित उपकरण, रसद और एक प्रशिक्षण पैकेज के साथ 250 एम1ए2 अब्राम्स टैंकों की आपूर्ति के लिए 4.75 बिलियन अमेरिकी डॉलर के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे।
इसके अलावा 2023 में पोलिश रक्षा मंत्रालय ने 116 अब्राम्स एम1ए1 टैंकों की आपूर्ति के लिए एक और अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे।
