सतना:चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से प्रतीक्षित पिण्डरा से भियामऊ सड़क को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गयी है। इस मौके पर चित्रकूट विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने बताया कि दो वर्षों के लंबे अंतराल के बाद उनके अथक प्रयासों से इस महंगी सड़क को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। बधाई देते हुये इसकी जानकारी लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह ने चित्रकूट विधायक को कल दूरभाष पर दी।
₹106 करोड़ की लागत से बनने वाली यह सड़क वर्तमान चौड़ाई 3.75 मीटर से अपग्रेड होकर स्टैंडर्ड टू लेन सात मीटर चौड़ी होगी। लोक निर्माण विभाग मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विधायक ने उन्हें इसका भूमिपूजन व शिलान्यास करने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में मंत्री ने उनके अनुरोध पर चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में नौ सड़कें वर्तमान में स्वीकृत की हैं।
इनके अतिरिक्त विशेष आग्रह पर उन्होंने दो और बड़ी सड़कें – मझगवां से पहाड़ीखेरा 3.75 चौड़ाई से अपग्रेड कर स्टैंडर्ड टू लेन सात मीटर चौड़ी सड़क ₹72 करोड़ की लागत से स्वीकृत की है, जिसका काम प्रारम्भ हो चुका है और मोहकमगढ़ तिराहे से गुप्त गोदावरी तक ₹81 करोड़ की लागत से फोर लेन सड़क, जिसका टेंडर हो चुका है। विधायक गहरवार ने मुख्यमंत्री डा मोहन यादव को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी सरकार में विकास की दिशा में अग्रसर चित्रकूट तेज़ी से अन्य क्षेत्रों से कदम मिलाता नज़र आयेगा, जिसमें पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सड़क उनकी प्राथमिकता हैं।
