
भोपाल: मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस के इतिहास में पहली बार 3 दिसंबर को इंदौर से भोपाल तक भव्य वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली का नेतृत्व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा करेंगी, जो नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के साथ उनके पदभार ग्रहण समारोह के लिए भोपाल पहुंचेंगी।
राज्य महिला कांग्रेस का नेतृत्व एक बार फिर इंदौर की महिला नेत्री को सौंपा गया है। रीना बौरासी सेतिया 3 दिसंबर को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगी।
अलका लांबा 2 दिसंबर को इंदौर पहुंचेंगी और रैली की तैयारियों में शामिल होंगी। रैली सुबह 8:30 बजे इंदौर से शुरू होकर अरविंदो अस्पताल, सांवेर, बड़ोदिया खान, तपोभूमि, देवास, सोनकच्छ, मेघवाड़ा, जावर, आष्टा और सीहोर होते हुए दोपहर 1 बजे भोपाल पहुंचेगी।
भोपाल में पदभार ग्रहण के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार सहित कई वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और संबोधित करेंगे। पदभार ग्रहण के बाद महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक भी आयोजित की जाएगी।
