
भोपाल। बैरसिया क्षेत्र में देर रात्रि एक भयावह सड़क हादसा घटित हुआ, जिसमें दो कारों के बीच आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बैरसिया के समीप पिपलिया–हसनाबाद गांव के पास हुआ, जहां सुजुकी अर्टिगा और महिंद्रा XUV300 के बीच तेज रफ्तार में जोरदार भिड़ंत हो गई।
अर्टिगा कार में सवार खालिद, अनीस, साजिद और नवेद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सचिन नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका बैरसिया के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। दूसरी कार के चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
सभी मृतक शिवपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वे भोपाल में एक निजी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
