इंदौर: एमवाय अस्पताल की चौथी मंजिल से जाली तोड़कर भागे जेल बंदी विशाल प्रजापति का अब तक कोई सुराग नहीं. जेल प्रशासन ने ड्यूटी में चूक पर प्रहरी को सस्पेंड किया, जबकि पुलिस देर रात तक आरोपी के ठिकानों पर दबिश देती रही.एमवाय अस्पताल की चौथी मंजिल स्थित बाथरूम की जाली से कूदकर हथकड़ी समेत फरार हुए सेंट्रल जेल के बंदी विशाल प्रजापति निवासी कुलकर्णी नगर की तलाश में पुलिस और जेल प्रशासन पूरी रात सक्रिय रहा, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है.
फरार कैदी के संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है. उधर, घटना में लापरवाही उजागर होने पर सेंट्रल जेल अधीक्षिका अलका सोनकर ने ड्यूटी पर तैनात प्रहरी दीपक शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं. जेल सूत्रों के मुताबिक विशाल को वर्ष 2023 में हत्या के एक मामले में न्यायालय ने जेल भेजा था और वह अंडर ट्रायल कैदी था.
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार शाम कैदी ने बाथरूम जाने की अनुमति ली. जिस हिस्से में वह गया वहां निर्माण कार्य चल रहा है और जाली निकली हुई थी. इसी कमजोरी का फायदा उठाकर वह हथकड़ी सहित नीचे कूदकर फरार हो गया. घटना का पता चलने पर जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया. संयोगितागंज थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि शुक्रवार देर रात परदेशीपुरा पुलिस की टीम के साथ मिलकर आरोपी के कई संभावित ठिकानों पर छापे मारे गए.
उसके घर और परिचितों के स्थानों पर भी पूछताछ की गई, लेकिन वह कहीं नहीं मिला. पुलिस ने तकनीकी जांच भी शुरू कर दी है और टीमों को आसपास के जिलों में भी भेजा जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि फरार कैदी को जल्द पकड़ने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
