
बालाघाट। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैहर की राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं ने उपजेल बैहर जाकर बंदियो एवं सुरक्षा प्रहरियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी उप जेल अधीक्षक संजीव नायक से अनुमति उपरांत एनएसएस की छात्राओ ने विद्यालय के प्राचार्य आलोक चौरे, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी नवजीत सिंह परिहार एवं अन्य शिक्षकों के साथ जेल पहुँच कर बंदियों एवं जेल प्रहरियों को रक्षासूत्र बांधे और बदले में बंदियों से अच्छा इंसान बनने का संकल्प कराया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने अपने उद्बोधन के माध्यम से बंदियों को समझाईश दी और अपराध छोड़कर अच्छा इंसान बनने कहा गया। कार्यक्रम के बाद जेलर नायक द्वारा विद्यार्थियों को जेल की आवास व्यवस्था, पाकशाला, पूजन स्थल, हॉस्पिटल, विशेष कैदियों की सेल, मुलाकात व्यवस्था आदि की जानकारी से अवगत कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक गणेश तुरकर, चंद्रप्रकाश बारमाटे, श्रीमती ज्योति धवलकर, योगेंद्र नेवारे, श्रीमती सीमा डहाटे, कु. शक्ति माहुले एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।
