
करनवास/ब्यावरा। पचोर रोड पर ग्राम दूधी के यहां स्थित श्री राधा स्वामी सत्संग आश्रम में 20 और 21 जनवरी को प्रमुख स्वामी जी के सत्संग का भव्य आयोजन होगा. सत्संग के आयोजन में देश भर से लाखों की संख्या में साधक शामिल होंगे. साधकों के आने का क्रम शुरु हो गया है. रविवार को ट्रेन एवं बसों में एकाएक भीड़ बढ़ गई. बाहर से आने वाले साधकों का तांता लगा रहा.
गौरतलब है कि दूधी स्थित श्री राधा स्वामी सत्संग आश्रम पर प्रतिवर्ष जनवरी माह में सत्संग का आयोजन होता है. इस बार 20 और 21 जनवरी को सत्संग का आयोजन है. सत्संग के आयोजन में देश के विभिन्न प्रांतों से लाखों की संख्या में साधकगण आते है. साधकों के आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है. रविवार को ब्यावरा, पचोर रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में साधक ट्रेनों के द्वारा यहां पहुंचे. इसी प्रकार बसों में काफी भीड़ रही. वही सैकड़ो की संख्या में निजी वाहनों से साधक आ रहे है.
कई दिनों पूर्व ही बुक हुए धर्मशाला, लॉज
सत्संग के आयोजन में शामिल होने आने वाले साधकों के द्वारा ब्यावरा, पचोर आदि अन्य आसपास के स्थानों पर स्थित लॉज, धर्मशाला, होटल अपने ठहरने के लिए काफी दिनों पूर्व ही बुक कर लिए गये. नगर की धर्मशाला, लॉज, होटले कई दिनों पहले ही बुक होना बताया जा रहा है.
आज भारी भीड़ रहने की उम्मीद
20 और 21 जनवरी को होने वाले सत्संग में शामिल होने आने वाले साधकों की संख्या आज कहीं अधिक रहेगी. दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले साधकगण आज आ जाएंगे. 20 जनवरी को प्रात: से ही सत्संग का आयोजन प्रारंभ होगा.
