ढाका, 28 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया (79) का स्वास्थ्य बिगड़कर “बेहद गंभीर” स्थिति में पहुँच गया है। यह जानकारी उनकी पार्टी बंगलादेश नेशलिस्ट पार्टी (बीएनपी) महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने दी है। उन्होंने पूरे देश से उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि बेगम जिया को 23 नवंबर की देर रात एवरकेयर अस्पताल के कोरोनरी केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती कराया गया था, जहाँ उनका इलाज स्थानीय और विदेशी विशेषज्ञों वाले एक मेडिकल बोर्ड की गहन निगरानी में चल रहा है। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि उनकी हालत गुरुवार रात से और खराब हुई है, और उनके दिल और फेफड़ों दोनों में संक्रमण फैल गया है।
बीएनपी नेता आलमगीर ने कहा कि लोकतंत्र के लिए उनके लंबे संघर्ष ने उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाला है। उनकी बिगड़ती हालत ने पार्टी नेताओं और समर्थकों को चिंतित कर दिया है।
