अंकारा, 15 दिसंबर (वार्ता) तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन मंत्रिमंडल की बैठक में काला सागर में सुरक्षित नौवहन और ऊर्जा संसाधनों के निर्बाध परिवहन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायों पर फैसला लेंगे।
यह कदम यूक्रेन के काला सागर बंदरगाह ओडेसा में तुर्की के एक जहाज पर हाल ही में हुए हमले के बाद उठाया गया है। श्री एर्दोगन ने इसके बारे में चेतावनी दी थी कि यह भूभाग को टकराव के क्षेत्र में बदल सकता है।
सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू के अनुसार, राष्ट्रपति ने विमान में पत्रकारों से कहा, “काला सागर को टकराव का क्षेत्र नहीं बनाना चाहिए। इससे न तो रूस को फायदा होगा और न ही यूक्रेन को। काला सागर में सभी को सुरक्षित आवागमन की आवश्यकता है।”
शुक्रवार को रूसी हवाई हमले में तुर्की के जहाज को नुकसान पहुंचा जिसकी तुर्की ने कड़ी आलोचना की। यह हमला तुर्कमेनिस्तान में एक शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ काला सागर सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करने के कुछ ही घंटों बाद हुआ।
राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, श्री एर्दोगन ने रूस-यूक्रेन संघर्ष में बंदरगाहों और ऊर्जा अवसंरचना पर हमलों को लेकर सीमित युद्धविराम का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “अन्य सभी पक्षों की तरह राष्ट्रपति पुतिन भी इस मुद्दे पर तुर्की के रुख को भलीभांति जानते हैं। राष्ट्रपति पुतिन के साथ हमारी मुलाकात के बाद उम्मीद है कि हमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ भी शांति योजना पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। शांति दूर नहीं है हम इसे देख सकते हैं।”
तुर्की ने लगातार कहा है कि यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना चाहिए और उसने 2014 में रूस द्वारा क्रीमिया के विलय को मान्यता देने से इनकार कर दिया था। इस महीने की शुरुआत में, रक्षा मंत्री यासर गुलेर ने कहा कि तुर्की ने काला सागर में अपने विशेष आर्थिक क्षेत्र में संचालित टैंकरों पर हमलों को लेकर चेतावनी दी थी।
तुर्की के समुद्री प्राधिकरण ने 28 नवंबर को कहा कि गैम्बिया के ध्वज वाले टैंकर काइरोस में बाहरी प्रभाव के कारण तुर्की तट से लगभग 28 मील दूर आग लग गई। चालक दल के सभी 25 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। एक दिन बाद, टैंकर विराट ने तुर्की के तट से लगभग 35 मील दूर हमले की सूचना दी। मानवरहित नौसैनिक नौकाओं द्वारा किए गए हमले के बावजूद, चालक दल के 20 सदस्य जहाज पर ही रहे।
नवंबर के अंत में, रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने यूक्रेन पर काला सागर में तनाव बढ़ाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि वही ताकतें जिन्होंने समझौता वार्ता को बाधित किया था अब उन हमलों के पीछे हैं जिसे उन्होंने आतंकवादी हमला करार दिया।
तुर्की के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह संघर्ष को काला सागर तक फैलने से रोकने और तुर्की के आर्थिक हितों की रक्षा करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ संपर्क में है।
