सीहोर। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप सिंह करोसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई.
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि नगरीय निकायों में ठेके पर जो सफाई कर्मचारी रखे जा रहे हैं, उन्हें ठेके पर रखने की बजाय संविदा नियुक्तियों पर रखा जाए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा राजपत्र जारी कर निर्देश दिए गए थे कि ठेका सफाई कर्मचारियों को संविदा पर रखा जाए, इसलिए इन निर्देशों का पालन किया जाए.
उन्होंने कहा कि दैनिक वेतनभोगी एवं विनियमित कर्मचारियों की सेवाकाल में मृत्यु के दौरान उपादान की राशि की गणना नियमानुसार सेवा अवधि के अनुसार की जाए, जिससे कर्मचारियों की सेवा अवधि के अनुरूप उपादान राशि प्राप्त हो सके. यह कार्यवाही एक माह में पूर्ण की जाए. उन्होंने कहा सभी सफाई कर्मचारियों को प्रत्येक माह की 10 तारीख से पहले वेतन प्रदान किया जाए. इसके साथ ही नियमित कर्मचारियों का वेतन 05 तारीख से पहले दे दिया जाए. इसके साथ ही नगरीय निकायों में कार्यरत सभी कर्मचारियों को कौशल संवर्धन के लिए प्रशिक्षण दिया जाए. उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे सभी सफाई कर्मचारी जो शासकीय भूमि पर लंबे समय से निवासरत है, उन्हें स्थायी आवासीय पटटा देकर भू-स्वामित्व प्रदान किया जाए. उन्होंने नपा सीहोर एवं बुधनी में संचालित सीवरेज परियोजनाओं के संबंध में सीएमओ को सुरक्षा संबंधी उपाय करने के निर्देश दिए, ताकि सीवरेज में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
